Gold Silver Price Today, 2 January, 2026: चांदी 7,900 रुपये उछली, सोना हुआ 1,000 रुपये महंगा, जानिए आज का रेट

Jan 02, 2026, 12:12

News Image

नई दिल्ली: सोने और चांदी ने पिछले साल रिकॉर्ड रिटर्न दिया था और नए साल में भी इनमें तेजी का सिलसिला जारी है। साल के दूसरे कारोबारी दिन यानी आज सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुरुआती कारोबार में चांदी की कीमत 7,900 रुपये से ज्यादा बढ़ गई, जबकि सोना करीब 1,000 रुपये महंगा हो गया।

पिछले साल की बात करें तो सोने ने करीब 75 फीसदी का रिटर्न दिया था, जबकि चांदी में 183 फीसदी की जबरदस्त तेजी देखने को मिली थी। यह प्रदर्शन वर्ष 1979 के बाद दोनों कीमती धातुओं का अब तक का सबसे बेहतर रिटर्न माना जा रहा है।

एमसीएक्स पर 5 मार्च डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,35,873 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। आज यह 2,39,041 रुपये प्रति किलो पर खुली। शुरुआती कारोबार में चांदी का लो स्तर 2,39,041 रुपये और हाई स्तर 2,43,443 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया। सुबह करीब 11:30 बजे, चांदी 7,909 रुपये की तेजी के साथ 2,43,782 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी।

वहीं, 5 फरवरी डिलीवरी वाला सोना भी मजबूती के साथ ट्रेड करता नजर आया। सोने की कीमत में 1,054 रुपये की बढ़त दर्ज की गई और यह 1,36,858 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था।