Jan 06, 2026, 15:14
पर्यटन स्थल के रूप में सिंगापुर के पास बहुत कुछ है। यह एक सिटी-नेशन है, जहां सीमित क्षेत्र में ढेरों आकर्षण समाए हुए हैं। यह सुव्यवस्थित, स्वच्छ और सुरक्षित शहर है। इसलिए अगर आप विदेश में पहली बार अकेले घूमने की सोच रहे हैं, तो सिंगापुर एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है, खासकर अकेली महिला यात्रियों के लिए। यहां की मेट्रो प्रणाली, जिसे एमआरटी कहा जाता है, बेहद विस्तृत तथा सुरक्षित है। इसका इस्तेमाल भी बड़ी आसान से किया जा सकता है।
यह खूबसूरत उद्यानों का एक विशाल परिसर है। यहां सुपरट्री ग्रोव्स और हेरिटेज गार्डन जैसे कई हिस्से मुफ्त में देखे जा सकते हैं, लेकिन फ्लॉवर डोम और क्लाउड फॉरेस्ट देखने के लिए टिकट लेनी पड़ती है। रात में सुपरट्री ग्रोव के पास होने वाला फ्री लाइट शो भी देखने लायक है।
मेरलॉयन पार्क में आपको आधा शेर और आधी मछली वाली प्रसिद्ध प्रतिमा दिखाई देती है, जो सिंगापुर का प्रतीक है। मछली वाला हिस्सा शहर की मछली पकड़ने वाली ऐतिहासिक पृष्ठभूमि को दर्शाता है, जबकि शेर उसके पुराने संस्कृत नाम ‘सिंहपुर’ या ‘शेरों के शहर’ की ओर संकेत करता है। यहां से सिंगापुर की मशहूर इमारतों, होटलों और रेस्तरां का शानदार दृश्य भी दिखता है। रात में रोशनी के बीच यह जगह और भी खास लगती है।
सिंगापुर का चाइनाटाउन सांस्कृतिक रूप से बेहद समृद्ध है। यहां की विरासत शैली की इमारतें मेट्रो स्टेशन से बाहर निकलते ही मन मोह लेती हैं। यहां प्रसिद्ध बुद्धा टूथ रिलिक मंदिर है, जिसके भीतर बेहद भव्य सजावट है। मंदिर में प्रवेश के लिए शालीन कपड़े पहनना जरूरी है। कंधे और घुटने ढंके होने चाहिए। मंदिर के पास ही चाइनाटाउन कॉम्प्लेक्स फूड सेंटर में एक बेहद व्यस्त हॉकर मार्केट है।
स्काईपार्क ऑब्जर्वेशन डेक से सिंगापुर की स्काईलाइन का बेहद सुंदर दृश्य दिखाई देता है। यह प्रसिद्ध मरीना बे सैंड्स होटल में स्थित है। इसके टिकट होटल की वेबसाइट से खरीदे जा सकते हैं। इसी तरह काम्पोंग गेलाम अपनी खूबसूरत वॉल आर्ट और आरामदायक कैफे के लिए जाना जाता है। रात में यहां का पार्टी माहौल और लाइव म्यूजिक भी काफी लोकप्रिय है।