Jul 10, 2026, 15:09
भारत में निर्वासन के दौरान रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री Sheikh Hasina ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि वह इस साल दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि वापसी पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है या उनकी हत्या भी हो सकती है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने देश लौटने के फैसले पर कायम हैं।
एक साक्षात्कार में हसीना ने कहा, "वे मुझे गिरफ्तार कर सकते हैं, वे मुझे मार भी सकते हैं। फिर भी मुझे वापस जाना होगा। अगर मेरी मौत होती है, तो मैं चाहती हूं कि वह मेरी अपनी मातृभूमि की मिट्टी पर हो।" उन्होंने बताया कि उनके साथ अवामी लीग के कई वरिष्ठ नेता भी स्वेच्छा से लौटकर अदालत में आत्मसमर्पण करने की तैयारी कर रहे हैं।
हसीना ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगातार दमन हो रहा है और अनेक लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उनका कहना है कि वह न्यायिक प्रक्रिया का सामना करने के लिए तैयार हैं और अदालत में अपनी बात रखकर आरोपों को चुनौती देंगी।
गौरतलब है कि 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद शेख हसीना भारत आ गई थीं। इसके बाद बांग्लादेश में उनके खिलाफ कई कानूनी मामले दर्ज हुए और उनकी पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों पर भी कार्रवाई हुई। हसीना लंबे समय से अपनी वापसी के संकेत देती रही हैं, लेकिन पहली बार उन्होंने दिसंबर में लौटने की स्पष्ट योजना सार्वजनिक रूप से बताई है।