पंजाब में मिलेगा बिग रोल? राघव चड्ढा की PM मोदी से मुलाकात पर तेज हुई चर्चाएं

Aug 08, 2026, 15:42

News Image

बीजेपी में शामिल होने के बाद राघव चड्ढा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात ने पंजाब की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है। शनिवार को 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई इस मुलाकात में पंजाब की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई।

राघव चड्ढा ने मुलाकात को “a morning to cherish” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के साथ बातचीत बेहद समृद्ध और महत्वपूर्ण रही। खास बात यह है कि पंजाब विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले हुई इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।

क्या चड्ढा को मिल सकता है बड़ा रोल?

चड्ढा और उनके साथ AAP छोड़कर बीजेपी में आए नेताओं को लेकर पहले से ही केंद्र में संभावित जिम्मेदारी की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में PM मोदी के साथ वन-टू-वन मुलाकात ने इन अटकलों को और हवा दी है। कुछ रिपोर्टों में केंद्रीय मंत्रिमंडल में संभावित भूमिका की चर्चा भी की गई है, हालांकि अभी किसी नई जिम्मेदारी की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

पंजाब चुनाव पर भी नजर

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव करीब आने के साथ बीजेपी अपनी राजनीतिक रणनीति मजबूत करने में जुटी है। चड्ढा की पंजाब में पकड़ और युवा मतदाताओं के बीच उनकी पहचान को देखते हुए पार्टी में उन्हें सक्रिय भूमिका देने की अटकलें लग रही हैं। वहीं, PM मोदी और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की हालिया मुलाकात ने बीजेपी-SAD रिश्तों को लेकर भी चर्चाएं तेज कर दी हैं।