फुकेट-दिल्ली फ्लाइट में 4 सेकंड तक नहीं था कंट्रोल, 300 फीट नीचे गिरा विमान

Aug 14, 2026, 11:28

News Image

एयर इंडिया की फुकेट-दिल्ली फ्लाइट AI2379 में 4 अगस्त को हुई घटना को लेकर बड़ा तकनीकी खुलासा हुआ है। एयरबस की शुरुआती जांच के मुताबिक, विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में एक साथ खराबी आने के कारण करीब 4 सेकंड तक एलिवेटर और एलेरॉन जैसे अहम फ्लाइट कंट्रोल काम नहीं कर रहे थे। इसी दौरान विमान करीब 300 फीट नीचे चला गया और यात्रियों व क्रू को चोटें आईं।

जांच के अनुसार, ऑटोपायलट भी डिस्कनेक्ट हो गया था। को-पायलट ने विमान की नोज नीचे करने के लिए पूरा इनपुट दिया, लेकिन हाइड्रोलिक प्रेशर न होने के कारण उसका असर तुरंत नहीं हुआ। कुछ सेकंड बाद हाइड्रोलिक सिस्टम का प्रेशर वापस आया और विमान के कंट्रोल सामान्य हो गए। इसके बाद फ्लाइट सुरक्षित दिल्ली में उतरी।

फिलहाल हाइड्रोलिक सिस्टम फेल होने की असली वजह स्पष्ट नहीं हुई है। एयरबस ने एयर इंडिया से मेंटेनेंस रिकॉर्ड, पायलट रिपोर्ट और विमान के विभिन्न सिस्टम की अतिरिक्त जांच
कराने को कहा है। भारतीय Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) एयरबस और फ्रांस की BEA की मदद से मामले की जांच कर रहा है।

यानी शुरुआती तौर पर जिसे सिर्फ टर्बुलेंस माना गया था, उसके पीछे एक गंभीर तकनीकी गड़बड़ी भी सामने आई है। अंतिम कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।