Sep 03, 2026, 11:48
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में तेज आवाज और बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकरों के खिलाफ पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन पुलिस ने विभिन्न धार्मिक स्थलों से 90 से ज्यादा लाउडस्पीकर उतरवाकर कब्जे में लिए।
यह कार्रवाई उस समय तेज हुई जब डीएम जसजीत कौर और एसपी केके बिश्नोई जिला जेल का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान पास की मस्जिद से अजान की तेज आवाज सुनाई दी। इसके बाद अधिकारियों ने जिले में लाउडस्पीकरों की जांच के निर्देश दिए।
चांदपुर सर्किल में 80 लाउडस्पीकर हटे
पुलिस के अनुसार चांदपुर सर्किल के 80 धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटाए गए। इनमें चांदपुर से 22, नूरपुर से 28, हीमपुर दीपा से 17 और शिवाला कला से 13 लाउडस्पीकर शामिल हैं। नगीना क्षेत्र में भी एक दर्जन से अधिक स्थानों पर कार्रवाई की गई।
कितनी आवाज की है सीमा?
एसपी केके बिश्नोई के मुताबिक अदालतों के निर्देशों के तहत रिहायशी इलाकों में दिन के समय 55 डेसिबल और रात में 45 डेसिबल की सीमा है। पुलिस का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर इस्तेमाल होने वाले लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रहे और परिसर से बाहर अनावश्यक रूप से न जाए।
पुलिस ने साफ किया है कि अभियान अभी जारी रहेगा और अगले दो दिनों में भी जांच एवं कार्रवाई की जाएगी। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।